
Giridih News : गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में सोमवार को इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी तीन बेटियों पलवी कुमारी (12 वर्ष), रिद्धि कुमारी (7 वर्ष) और सिद्धि कुमारी (7 वर्ष) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

घटना देर रात की बताई जा रही है, जबकि सोमवार सुबह मामला सामने आने के बाद गांव में कोहराम मच गया।
तीन मासूमों की हत्या से दहल उठा गांव
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। मासूम बच्चियों की हत्या की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों में आरोपी पिता के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी पिता गिरफ्तार, हर पहलू की जांच
पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं आरोपी पिता नंदकिशोर यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति समेत सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
सवालों के घेरे में पिता की दरिंदगी
जिस पिता के कंधों पर बेटियों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी होती है, उसी पिता द्वारा अपनी तीन मासूम बेटियों की हत्या किए जाने की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है,आखिर एक पिता इतना निर्दयी कैसे हो सकता है?


