
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी सीताराम महतो ने पांच लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर कुट्टी मिल और घर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दी है।

शिकायत में विवेक यादव, नितेश यादव, अर्जुन महतो, उदय यादव एवं ठाकुर महतो को नामजद किया गया है। आवेदन के अनुसार 31 मई 2026 की रात करीब 12:05 बजे सीताराम महतो अपने घर की छत पर बैठे थे।

इसी दौरान उन्हें धुआं उठता दिखाई दिया। आरोप है कि घर के पूर्व दिशा में नितेश यादव दो लीटर की बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंचे और पुआल में आग लगा दी। वहीं विवेक यादव माचिस जलाकर आग लगाने का काम कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उदय यादव और अर्जुन महतो आग लगाने के लिए उकसा रहे थे, जबकि ठाकुर महतो घटनास्थल पर मौजूद थे।सीताराम महतो का कहना है कि जब उन्होंने छत से शोर मचाकर विरोध किया तो नितेश यादव ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया तथा अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।
शिकायत में बताया गया है कि आग लगने से करीब 375 क्विंटल पुआल, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई गई है, जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा छावनी में रखे पुआल और बांस को भी नुकसान पहुंचा, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
पीड़ित ने मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


