
Deoghar: देवघर शहर के गिधनी कुरेवा टोला के ग्रामीणों ने आवागमन के मुख्य मार्ग में गड्ढा खोदकर मार्ग अवरोध करने की शिकायत उपायुक्त को आवेदन देकर की है।

शनिवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त से रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि पंडित टोला से आगे जाने वाला रास्ता कानी जोरिया होते हुए गम्हरिया और देवघर को जोड़ता है और वर्षों से लोग इसी मार्ग का उपयोग करते आ रहे हैं।
लेकिन, अब गांव के कुछ लोगों ने जेसीबी से रास्ते की मिट्टी हटाकर बड़ा गड्ढा बना दिया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह उनके लिए मुख्य संपर्क मार्ग है और रास्ता बंद होने से काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की जांच कर अवरोध हटाने और मार्ग को पुनः चालू कराने की मांग की है।



