
Dhanbad: रेल धनबाद के अंतर्गत रेल पीपी चितरंजन रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में लावारिस नकदी बरामद की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल 39.99 लाख रुपये के नोट जब्त किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, 29 मई को दोपहर 02:15 बजे, चितरंजन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 03 पर बाघ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13019) आकर रुकी थी। इसी दौरान रेल पीपी चितरंजन को ट्रेन के अंदर संदिग्ध सामान होने की गुप्त सूचना मिली। जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए कोच संख्या B/3 की तलाशी ली गई, तो बर्थ संख्या 06 पर दो काले रंग के प्लास्टिक के बंडल लावारिस हालत में पाए गए।

जब पुलिस सुरक्षाकर्मियों ने संदेह के आधार पर उन दोनों काले प्लास्टिक के बंडलों को खोला, तो वे दंग रह गए। बंडलों के भीतर सिर्फ नगद 500 रूपये का नोट भरा हुआ था। तुरंत नोटों को जब्त कर बैंक पदाधिकारी, रेलवे विभाग के पदाधिकारी एवं आरपीएफ कर्मियों के समक्ष गिनती शुरू की गयी। जिसमें 500 रुपये के कुल 7,999 नोट पाए गए। कुल बरामद रकम 39.99 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में इनकम टैक्स विभाग को जानकारी दे दी गई है।


