
Deoghar: देवघर पुलिस ने रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में बालू में दफ़न मिली एक महिला की लाश मामले का खुलासा कर लिया है। महिला का दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में श्रवण राजत, राहुल कुमार और राकडी देवी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई कुदाल भी बरामद की है, जिसका उपयोग शव को बालू में दबाने के लिए किया गया था।

बता दें कि 19 मई को रढ़िया नदी में बालू से ढका एक अर्धनग्न महिला का शव बरामद हुआ था। रिखिया थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में पता चला कि 16 मई की शाम महिला खेत की ओर गई थी। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को पहले एक गड्ढे में फेंक दिया गया था। पहचान छिपाने के इरादे से आरोपियों ने बाद में शव को नदी किनारे बालू में दबा दिया था।
देवघर पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


