
Deoghar : देवघर पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लगभग दो लाख रुपये मूल्य की 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर और कांड में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

जेल भेजे गए आरोपियों में देवघर नगर थाना क्षेत्र के बारमसिया सर्कुलर रोड निवासी गौतम महथा तथा दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिंघनी निवासी फिरोज अंसारी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र के दहेजोरी-लेटवाबरन जाने वाली सड़क के तिराहा मोड़ के पास गौतम महथा ब्राउन शुगर बेचने के लिए पहुंचा हुआ है।

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम में मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेमब्रम, बाबा मंदिर थाना के एसआई प्रिय रंजन कुमार, मोहनपुर थाना के पुअनि मनेन्द्र कुमार, तकनीकी शाखा के आरक्षी रियाजुल हक, धीरज कुमार, प्रभात कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से गौतम महथा को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर गौतम ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले सरगना के रूप में हँसडीहा निवासी फिरोज अंसारी का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर फिरोज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गौतम महथा के खिलाफ नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित पांच मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


