
Deoghar: आगामी राजकीय श्रावणी मेला-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में देवघर के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी सहित मेला कोषांग के प्रभारी व कर्मी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम जलार्पण, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहा।

इसके साथ ही मेला अवधि में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे श्रावणी मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 21 अस्थायी मेला ओपी तथा 13 अस्थायी यातायात ओपी अधिसूचित करने हेतु प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इसके अलावा पुलिस बलों और वाहनों के समुचित आवंटन, पुलिसकर्मियों के आवासन, पेयजल, बिजली, शौचालय एवं मेस जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अकास्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए एम्बुलेंस व्यवस्था और आपातकालीन मेडिकल सेवा को भी सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त मेला संचालन को व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया, जिनमें आगंतु, कंप्यूटर, फूड एंड लॉजिस्टिक, बल प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा उपकरण, वाहन, यातायात, आकस्मिक एवं अवकाश कोषांग शामिल हैं।
सभी कोषांगों के वरीय प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी।


