
Deoghar: आपने जामताड़ा वेब सीरीज तो देखी होगी, कि कैसे युवती आम लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाती है। वैसा ही एक मामला देवघर में सामने आया है। जहां साइबर ठगी के धंधे में अब महिलाएं भी शामिल हो रही हैं।

देवघर साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार रुबी कुमारी पति सुनील दास जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के लेड़वा गांव की रहने वाली है।

आरोपी महिला के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम के खिलाफ पहले से प्रतिबिंब पोर्टल पर साइबर ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज है। जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महिला साइबर ठगी के अवैध धंधे में शामिल है। इसी सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर महिला को पकड़ा। छापेमारी के दौरान बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड की जांच करने पर पता चला कि महिला के पास इस नंबर के खिलाफ पहले से प्रतिबिंब पोर्टल पर साइबर ठगी से जुड़े मामले की शिकायत दर्ज है।
जांच में पाया गया कि महिला अपनी पहचान छुपाकर साइबर ठगी किया करती थी। पूछताछ करने के बाद आरोपित महिला को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि पहले भी देवघर पुलिस द्वारा साइबर ठगी के धंधे में संलिप्त महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।



