
Deoghar: देवघर शहर स्थित केकेएन स्टेडियम में एक्सरसाइज के दौरान एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह की है।

बताया जा रहा अभिषेक कुमार हर रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी केकेएन स्टेडियम में दौड़ने और व्यायाम करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। दर्द बढ़ने पर वह मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद स्टेडियम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। तुरंत परिजनों को सूचना दी गयी।

घटना की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी तुरंत स्टेडियम पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से अभिषेक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अभिषेक कुमार मूल रूप से हरियाणा के पानीपत के रहने वाले थे और वर्तमान में देवघर के कुंडा स्थित एक निजी अपार्टमेंट में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। वह देवघर में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
स्टेडियम में मौजूद लोगों ने बताया कि अभिषेक अपनी फिटनेस को लेकर नियमित रूप से सजग रहते थे और रोजाना सुबह व्यायाम करने आते थे। इस आकस्मिक घटना से इलाके में शोक की लहर है।


