
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला में किराये का मकान में रह रही महिला के साथ उसके घर में घुसकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़िता के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना में दिए आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वह देवघर के एक होटल में काम करती है। 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:30 बजे अपने कमरे में अकेली सो रही थी। इसी दौरान नगर थाना के झौंसागढ़ी निवासी विवेक कुमार गुप्ता उसके कमरे में दरवाजा तोड़कर जबरन घुस गया और इसके बाद उसके साथ जबरदस्ती की। जब पीड़िता ने विरोध की तो उसे जान से मारने की नियत से गला दबाने का प्रयास किया गया ।

पीड़िता के अनुसार घटना के बाद जब उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भागने के दौरान आरोपी का पर्स कमरे में गिर गया, जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले हैं, जो आरोपी की पहचान का अहम सबूत बने हैं।
पीड़िता ने बताया कि पहले वो लोकलाज के कारण शिकायत नहीं कर सकी, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर थाना में आवेदन दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल जांच कराने के लिए कागजी प्रक्रिया किया जा रहा है। वहीं, आरोपी को छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया है।


