
Deoghar: देवघर के होनहार खिलाड़ी आयुष संतोषी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन किया है। आयुष ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता ‘फर्स्ट साउथ एशियन इंटरनेशनल गोल शॉट बॉल चैंपियनशिप’ में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का परचम लहराया।

झारखंड से यूथ टीम में चयनित दो खिलाड़ियों में आयुष संतोषी का नाम शामिल था। इस इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत समेत सात देशों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें आयुष ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

जानकारी हो कि आयुष संतोषी, देवघर के पत्रकार अजय संतोषी के पुत्र हैं। आयुष की इस सफलता के पीछे उनकी मां कुमारी अलका सोनी का संघर्ष और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। साथ ही कोच राजेश रंजन व संजय सिंह के मार्गदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। स्थानीय महावीर अखाड़ा में कठिन अभ्यास के दम पर आयुष आज युवाओं के लिए रोल मॉडल बन चुके हैं।
वर्तमान में आयुष संतोषी डीएवी यूनिवर्सिटी, जालंधर में अध्ययनरत हैं। आयुष पिछले कई वर्षों से गोल शॉट बॉल खेल में सक्रिय हैं और उन्होंने विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने वर्ष 2025 में पावरलिफ्टिंग (बेंच प्रेस) में शानदार प्रदर्शन करते हुए आधा दर्जन से अधिक स्टेट गोल्ड मेडल अपने नाम किये थे। साथ ही तीन बार बेस्ट लिफ्टर का खिताब जीता।


