
Deoghar: 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के मद्देनजर पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने हेतु देवघर पुलिस ने व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देशानुसार आज दिनांक 11 अप्रैल 2026 की संध्या शहर के प्रमुख होटलों, लॉजों, धर्मशालाओं एवं रैन बसेरों में एक साथ विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया।

यह कार्रवाई विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत एक साथ संचालित की गई। चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य बाहरी जिलों एवं राज्यों से आए संदिग्ध तत्वों, संभावित सॉल्वर गिरोहों तथा परीक्षा के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना था। पुलिस टीमों ने होटलों में ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्रों की गहनता से जांच की तथा होटल रजिस्टर का भी सत्यापन किया।
इस दौरान होटल एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि बिना सरकारी फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस) की छायाप्रति प्राप्त किए किसी भी व्यक्ति को कमरा आवंटित नहीं किया जाए।
साथ ही उन्हें कहा गया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरता हुआ प्रतीत हो तो तत्काल स्थानीय थाना प्रभारी या कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या बिना पंजी के ग्राहकों को ठहराने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कठोर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या नकल विहीन माहौल बनाए रखने के लिए देवघर पुलिस पूर्ण रूप से सतर्क है।
शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन परिसर में भी गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा समाप्ति तक होटलों एवं संदिग्ध स्थानों पर पुलिस की गुप्त निगरानी बरकरार रहेगी।










