
Deoghar: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन भारत सरकार की योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटलाइज करना है। जिसमें भारत के सभी नागरिकों का आभा नंबर बनाना जाना है, जबकि सभी चिकित्सकों, नर्सेस, लैब टेक्निशियन का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री, वहीं सभी स्वास्थ्य संस्थानों,प्रयोगशाला और फार्मेसी का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री करना है।

जिला नोडल पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने बताया कि देवघर जिले में लगभग चार सौ दवा की दुकानें है उन सभी को भी इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना है। जिसको लेकर कई बार स्वयं भी और पूर्व के सिविल सर्जन द्वारा भी औषधि निरीक्षक और ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष, प्रतिनिधियों से बात हुई पर उनकी तरफ से बहुत सकारात्मक चीजें सामने नहीं आई।

कल इस पूरे मुद्दे पर जिले के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से मिल कर उनको स्थिति से अवगत कराया गया तब वे खुद अपने स्तर से प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दवा दुकानदारों से अपील किया और जल्द से जल्द सभी फार्मेसी को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के पोर्टल पर पंजीकृत करने को कहा गया।
पुराना सदर अस्पताल में लगा कैंप
जिसके फलस्वरूप आज टावर चौक स्थित पुराना सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग जिला मुख्यालय द्वारा एक कैंप लगा कर अभियान चलाया गया और अब तक 33 फार्मेसी दुकानों का आज पंजीकरण किया गया। डॉ शरद कुमार ने बताया कि कल भी पूर्वाह्न 11 बजे पुराना सदर अस्पताल परिसर में यह कैंप जारी रहेगा। मेरा प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी फार्मेसी को पोर्टल पर पंजीकृत कर दें।
उन्होंने कहा कि ड्रग एसोसिएशन का बहुत सकारात्मक सहयोग रहा और उनके ही प्रयास से ये कैम्प सफल हो पाया। डॉ शरद कुमार ने विशेष रूप से ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं दिवाकर का आभार व्यक्त किया साथ ही सभी दवा दुकानदारों को साधुवाद कहा।


