
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के रांगा मोड़ स्थित रेलवे ओवर ब्रीज के पास एक विंगर वाहन के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए वहां खड़े एक टोल कर्मी को जोरदार धक्का मार दिया और मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। वाहन पर नेपाल के नंबर का प्लेट लगा हुआ था।

इस घटना में प्राइवेट टोल कर्मी 30 वर्षीय संदीप कुमार की अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गयी। मृतक बिहार के लखीसराय जिला के बढैया थाना क्षेत्र के इंदूपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह रांगा मोड़ के पास किराये के कमरे में रह रहा था।

बताया जाता है कि वह रांगामोड़ के पास सुल्तानगंज रोड में रेलवे ओवर ब्रीज के समीप स्थित टोल में टैक्स वसूलने का कार्य करता था। बुधवार दिन के करीब 12 बजे सुल्तानगंज की ओर से एक नेपाल नंबर की विंगर वाहन श्रद्धालुओं को लेकर देवघर की ओर आ रहा था। उसने उक्त वाहन को टैक्स वसूली के लिये रोकना चाहा तो चालक ने गाड़ी को तेजगति से भगाने लगा। उसी दौरान वह वाहन के नीचे चला गया।
टोल से लगभग 50 मीटर तक युवक उक्त वाहन में घसिटता चला गया। ओवर ब्रिज के पास यातायात पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। घटना के तुरंत बाद ही ट्रैफिक पुलिस द्वारा इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी गयी। उसके बाद नगर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंची और घायल को टोटो में लाद कर इलाज के लिये सदर अस्पताल भेजा। जहां देखने के बाद ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा मृतक के परिवार वालों को सूचित किया गया।
फरार वाहन को करीब चार घंटे में खोज निकाला
धक्का मारने के बाद फरार हुए नेपाल नंबर के वाहन को पुलिस ने अन्य टोल टैक्स के कर्मियों के साथ मिलकर करीब चार घंटे में देवघर शहर के झोंसागढ़ी इलाके से बरामद कर लिया। उक्त वाहन का चालक एवं उस पर सवार यात्री भी फरार हो गये थे। पुलिस उक्त विंगर वाहन को जब्त कर थाना ले आयी। बताया जाता है कि घटना के बाद चालक वाहन को ले जाकर झोंसागढ़ी इलाके में स्थित एक गली में लावारिस अवस्था में खड़ा कर फरार हो गया था।



