
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के करनीबाद मोहल्ला में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें 15 महीने के मासूम की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक चार पहिया वाहन ने उसे धक्का मार दिया। गंभीर रूप से जख्मी बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां सदर अस्पताल में एएनएम, पिता सेना में तैनात

मृतक बच्चे की मां सदर अस्पताल में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं। जबकि पिता भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं। परिवार मूल रूप से सारवां का रहने वाला है और वर्तमान में करनीबाद मोहल्ला में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जाता है कि महिला अपने ससुर के साथ वहीं रहती थीं और ड्यूटी पर जाते समय बच्चे को भी साथ अस्पताल ले जाया करती थीं।
अस्पताल में सबका दुलारा था मासूम
हादसे के बाद परिजनों के चीत्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। सदर अस्पताल परिसर में मासूम सभी कर्मचारियों का दुलारा था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर , स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से रिहायशी इलाकों में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


