
Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार को चेक डैम में डूबने से चार युवकों की मौत हो गई। घटना खरसावां थाना क्षेत्र के दलाईकला के पास बने चेक डैम में हुई। हादसा नहाने के दौरान हुआ।

मृतकों की पहचान गौरव मंडल, हरिवास दास, सुनील साहू और मनोज साहू के रूप में हुई है। चारों मृतक एक ही गांव दलाईकला के रहने वाले थे। गौरव और हरिवास बेस्ट फ्रेंड थे, जबकि सुनील और मनोज रिश्तेदार थे।

स्थानीय लोगों ने बताया, गांव के छह युवक नहाने के लिए डैम पहुंचे थे। इनमें से चार युवकों ने डैम में छलांग लगाई। जबकि दो युवक बाहर ही खड़े रहे। पानी में उतरते ही उनके सिर नीचे मौजूद किसी पत्थर से टकरा गए। इससे वे अचेत होकर डूब गए। इधर, हादसा देख बाहर खड़े दोनों युवकों ने तुरंत शोर मचाया और गांव वालों को बुलाया।
ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लेकिन तबतक देर हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया।
इधर , प्रशासन और पुलिस की मदद से चारों शवों को डैम से बाहर निकाला गया। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


