
Deoghar : जसीडीह रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार की देर रात को एक अज्ञात कांवरिया का शव बरामद किया गया था। उक्त शव को जसीडीह जीआरपी द्वारा देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया था। मृतक के शव के पॉकेट से एक मोबाइल बरामद किया गया था।

वह मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया था। जिसे पुलिस द्वारा चार्ज कर ऑन किया गया। सोमवार की सुबह उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया तो देवघर पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी। सूचना पर परिजन सहित उसके साथ पूजा करने आये जत्था के सदस्य भी सदर अस्पताल पहुंचे और उसकी पहचान की।

मृतक के भाई अशोक प्रसाद वर्मा ने बताया कि 11 जूलाई को गावं से 10 सवारी वाहन में 100 से अधिक लोग सुल्तानगंज जल भरने निकले थे जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। 12 जुलाई को अहले सुबह करीब तीन बजे सभी लोग जल भरकर बाबाधाम के लिये पैदल निकले थे।
बताया कि 13 जुलाई को दिन के करीब एक बजे तक मृतक भाई साथ में ही चल रहा था। इनारावरण के पास से वह हमलोगों से बिछड़ गया। भाई का कहना है कि हमलोगों के कांवरिया जत्था के पास अपना वाहन था फिर भी भाई जसीडीह स्टेशन क्यों पहुंचा समझ से परे है।
मृतक को एक छोटा बेटा और एक बेटी है। इधर बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।


