
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना की पुलिस ने मछली चोरी के आरोप में संजय कापरी की हत्या मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित सातर निवासी मनोज कुमार उर्फ मुन्नू राउत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बता दें कि मृतक की पत्नी चंपा देवी के बयान पर कुंडा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में थाना क्षेत्र के गुरुकुल सातर माल गांव निवासी मनोज कुमार, केशव कुमार राउत, दिलखुश कुमार राउत को नामजद आरोपित बनाया गया है। पीड़िता का कहना है कि वह अपने पिता के ही घर में पति के साथ रहती थी।

13 मई की रात सभी नामजद आरोपितों ने उसके पति को घर से बुलाकर ले गया। उसके पति को दूसरे के तालाब का मछली चोरी करने को कहा। मना करने व ग्रामीणों को इस बात की जानकारी देने की बात कहने पर आरोपितों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। रड, लाठी से मारपीट करने हाथ-पैर तोड़ दिया।
धारदार हथियार से पूरे शरीर को जख्मी कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपितों ने मृतक पर मछली चोरी करने का झूठा आरोप लगाया गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों का ना तो कोई व्यक्तिगत तालाब है और ना ही किसी तालाब लीज या पट्टा ही लिया है।



