
Deoghar: जसीडीह-दुमका रेल लाइन पर रिखिया थाना क्षेत्र के बलसरा रेलवे ब्रिज के नजदिक पुलिस ने बुधवार की देर रात को एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक का नाम 23 वर्षीय संतोष यादव है जो रिखिया थाना क्षेत्र के ठढ़ियारा गांव का रहने वाला है।

बताया जाता है कि देर रात किसी ने रिखिया पुलिस को यह सूचना दी की कोई व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। जानकारी मिलते ही रिखिया पुलिस घटना स्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेज दिया। उपरांत पुलिस द्वारा उसकी पहचान कर पहले मृतक के गांव के मुखिया को सूचित किया। उसके बाद मुखिया द्वारा घटना की जानकारी परिजन को दिया गया। देर रात को मृतक के पिता पत्नी सहित परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे।

घटना के बाद से मृतक की पत्नी का रो- रो कर बुरा हाल हो गया था। गुरूवार को रिखिया पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। इधर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत ट्रेन से गिरकर हुई है या उसने आत्महत्या की है।
इधर मृतक के पिता मसूदन यादव ने बताया कि संतोष पत्नी एवं ढाई वर्ष के बेटे के साथ देवघर शहर के बिलासी में किराये के मकान में रहता था। संतोष टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बताया कि बुधवर को वह गावं पर आया और कहा कि वह बैंगलोर काम करने जा रहा है। वहीं उसने अपने टोटो फुआ के घर में खड़ाकर चला गया। बताया कि शाम के करीब चार बजे के आसपास जब उसके मोबाइल पर कॉल किया तो उसने कहा कि वह बैंगलोर जा रहा है अभी मधुपुर के पास ट्रेन में है। फिर देर रात को सूचना मिली की उसका बेटा ट्रेन से बलसरा के पास कट गया है जिसे पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचा दिया है।
देर रात को ही परिजन के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और देखा उसका पुत्र मृत पड़ा है। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।


