
Deoghar: अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला सहित आठ लोग घायल हो गए हैं। एक घटना में देवघर-भिरखीबाद मुख्य मार्ग पर बुढ़ई और देवीपुर के बीच चालक का आंख लग जाने से कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए।

घायल सूरज साह, प्रदीप यादव और प्रदीप राय सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के माधोपुर के रहने वाले हैं। ये तीनों कार से जामताड़ा के नारायणपुर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से लौटने के क्रम में चालक को झपकी आ गई। इस कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी।

हादसे में कार सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की और घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
वहीं अन्य सड़क हादसों में सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के सुईया थाना क्षेत्र निवासी शिवम कुमार पांडेय, जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र निवासी लीला देवी, जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के मलहरा गांव निवासी भीम पास, बिहार के जमुई जिला निवासी मदन कुमार भी घायल हादसों में घायल हो गए हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं नगर थाना क्षेत्र के पानी टंकी के पास एक टोटो व मार में टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। वहीं टोटो व कार को जब्त कर थाना ले आया गया। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके पर से फरार हो गया।


