
Deoghar: देवघर जिला के कुंडा थाना इलाके के बलियाचौकी में बाइक सवार पांच बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े रंगदारी की मांग को लेकर ताबडतोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है।

गोलीबारी की घटना में मां यशोदा मेडिकल संचालक प्रमोद कुमार बाल- बाल बच गया। उसके बाएं हाथ को छूते हुए गोली निकल गयी।

बताया जाता है कि बदमाशों ने 50 हजार की रंगदारी की मांग की। गोली चलाने के दौरान बदमाशों ने दवा दुकान में तोड़फोड़ भी किया और गल्ला से लगभग 40 हजार रूपया जबरन निकाल लिया। घटना के उपरांत इसकी जानकारी कुंडा पुलिस को दी गयी।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और घायल प्रमोद कुमार को इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद से कुंडा पुलिस बदमाशों की धड़पकड़ में जुट गयी है।
घटना के संबंध में दवा दुकान संचालक प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार को लगभग 10 बजे दिन में ऋषि नाम का एक लड़का वहां आया और गोली मारने की धमकी देकर चला गया। दुबारा लगभग 01 बजे के आसपास पल्सर बाइक में बैठकर ऋषि कुमार, अमित कुमार, मोहन कुमार के अलावे अन्य बदमाश वहां पर पहुंचे और लाठी डंडे से दुकान में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो उनलोगों ने गोली चला दी। जिससे प्रमोद कुमार घायल हो गया। उसके बाद गल्ला में रखा 40 हजार नगदी लुट फरार हो गए।
प्रमोद कुमार ने बताया कि ऋषि कुमार 50 हजार की रंगदारी का मांग कर रहा था फिलहाल पुलिस मामले को लेकर जांच पड़ताल में जुड़ गई है।


