
Madhupur : देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के लखना और पोखरिया डोमागढ़ा में लगातार तीन जगह बम विस्फोट किए जाने के मामले में पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस अपराधियों की पहचान नहीं कर पाई है। जिनके घरों के पास बम विस्फोट किया गया है पुलिस उनसे पूछताछ की है।

मोहल्ले के लोग इस मामले को जुआ अड्डा से भी जोड़कर देख रहे हैं। इधर पुलिस घटना में संलिप्त अपराधियों को पकड़ने के लिए टेक्निकल सेल की मदद ले रही है। कई बिंदुओं पर पुलिस की तहकीकात चल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का उद्वेदन कर लिया जाएगा।

इधर 48 घंटे बीत जाने के बावजूद घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान नहीं होने पर मोहलावासियों में भय का माहौल है। बता दें बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने रविवार की देर रात लखना मोहल्ला स्थित परवीन नर्सिंग होम की दीवार पर, नौशाद अंसारी के गेट पर बम फेंक कर धमाका किया था। इसके बाद इसी रास्ते होकर पोखरिया डोमागढ़ा निवासी नीलू देवी के घर के पास बम धमाका किया था।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद, इंस्पेक्टर इंचार्ज त्रिलोचन तमसोय सदल- बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच किए थे। तब मोहल्ले वासियों ने बताया था कि बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है।
अपराधियों ने चार जगह पर बम फेंका था लेकिन एक बम नहीं फटा जिसे पुलिस ने बरामद कर साथ ले गई है। पुलिस ने घटनास्थल से सुतली और बम के अंदर भरे गए लोहे के टुकड़े को भी जब्त किया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी त्रिलोचन तामसोय ने अपने फर्द बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मधुपुर थाना कांड संख्या 265/ 24 बीएनएस की धारा 288/ 125, 324(4), 3(5) के तहत प्राथमिक की दर्ज कर ली है। अपराधियों की क्या मंशा है इसकी जांच पड़ताल में पुलिस जुटी गई है।


