
Deoghar: देवघर नगर थाना के कोर्ट रोड स्थित किराना दुकान चलाने वाली महिला से रंगदारी के रूप में 50 हजार रुपये नहीं देने पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है।

मामले में आरोपित सूरज पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसके पास से एक देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।

घटना को लेकर बृजभान सिंह पथ निवासी सावित्री देवी के बयान पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में पीड़िता का कहना है कि 31 अक्टूबर की रात आरोपित दुकान पहुंचा और रंगदारी की मांग करने लगा। इंकार करने पर आरोपित ने जान मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज करने लगा। इसके बाद वह धमकी देते हुए अपने घर की ओर जाने लगा। इसी बीच उनका पुत्र भी जब मामले की शिकायत करने आरोपित के घर गया तो आरोपित के परिवार के सदस्यों ने गाली गलौज देकर भगा दिया। आरोपित के पिता ने कहा कि उसका बेटा रंगदार है। उसने बम मारने की धमकी भी दी। उसी दौरान आरोपित हथियार लेकर दोबारा दुकान के पास पहुंचा और गोली चला दिया। हालांकि महिला व उनका पुत्र बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद डर से सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। बाइक दस्ता की टीम वहां पहुंची और आरोपित को हथियार के साथ पकड़ लिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित नशे का कारोबार भी करता है। पूर्व में भी वह जेल जा चुका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दो मामला दर्ज
रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग करने को लेकर नगर थाना दो मामला दर्ज कराया गया है। पहला मामला नगर थाना कांड संख्या 654/24 में रंगदारी और अर्म्स एक्ट के तहत सावित्री देवी के आवेदन पर दर्ज किया गया है। जिसमें बृजभान सिंह रोड निवासी सूरज पासवान उसके पिता भोला पासवान, उसकी मां और बहन को आरोपी बनाया गया है। वहीं दूसरा मामला नगर थाना कांड संख्या 655/24 में थाना के सअनि भवेशचन्द्र दास के बयान पर दर्ज किया गया है। जिसमें आरोपी बृजभान सिंह रोड निवासी सूरज पासवान और बरमसिया निवासी राहुल महथा को आरोपी बनाया गया है। जिसमें अवैध हथियार रखने एवं फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।


