Deoghar: देश मे चुनावी सरगर्मी बढ़ी हुई है। लेकिन, झारखंड के गोड्डा लोकसभा का मिजाज थोड़ा हट के है। सबसे पहले तो यहां तमाम उलटफेर के बाद कांग्रेस का उम्मीदवार तय हुआ है। लेकिन, बीजेपी गोड्डा लोकसभा को लेकर अलग मूड में है। पहले दीपिका सिंह पांडेय फिर बदलाव करते हुए इंडी गठबंधन की ओर से प्रदीप यादव को कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करते ही बीजेपी के उम्मीदवार निशिकांत दुबे ने खुद से तमाम चुनावी प्रचार बंद कर दिए हैं। उन्होंने दावा किया है कि झारखंड का गोड्डा लोकसभा सीट सबसे ज्यादा मार्जिन से बीजेपी उम्मीदवार को जीत दर्ज कराने वाला सीट होगा।
देश को पता है कांग्रेस गोड्डा सीट हार रही: निशिकांत
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने प्रेस वार्ता कर कहा कि पूरे देश को पता है कि कांग्रेस गोड्डा सीट हारी हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नीतियों के कारण भाजपा का उम्मीदवार गोड्डा लोकसभा सीट पर जीतेगा ही जीतेगा। यहां चुनाव हार-जीत की नहीं बल्कि मार्जिन की है कि बीजेपी उम्मीदवार कितने वोट से जीतेगा।
रिकॉर्ड मार्जिन से जीतेगी बीजेपी: निशिकांत
निशिकांत दुबे ने दावा किया कि मेरे हिसाब से दीपिका पांडेय अगर उम्मीदवार होतीं तो मार्जिन चार से साढ़े चार लाख होता लेकिन प्रदीप यादव की उम्मीदवारी के बाद 6 लाख मार्जिन तय है।
निशिकांत दुबे ने बताया कि कांग्रेस द्वारा प्रदीप यादव की उम्मीदवारी के बाद मैंने खुद के लिए चुनाव प्रचार बन्द कर दिये हैं। अब सिर्फ कार्यकर्ताओ के साथ खाना-पीना और हंसना खेलना है। गोड्डा लोकसभा में पूरा चुनाव एनडीए का कार्यकर्ता और यहां की जनता लड़ेगी।