
Deoghar: असम के गुवाहाटी से देवघर के सत्संग आश्रम में आने वाले अनुयायी को हवाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गुवाहाटी से देवघर विमान सेवा शुरू हो सकती है। सत्संग आश्रम के प्रस्ताव पर इंडिगो एयरलाइंस कंपनी विचार कर रही है।

देवघर से गुवाहाटी हवाई सेवा शुरू होने से पूरे असम क्षेत्र के अनुयायियों को देवघर सत्संग आश्रम आने-जाने में सुविधा हो जायेगी। इसके साथ ही बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग से कामरूप कामख्या मंदिर तक हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है।

जानकारी हो कि पिछले दिनों सत्संग आश्रम प्रबंधन के साथ इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों की प्रारंभिक बैठक हुई थी। इस बैठक में ही 72 सीटर इंडिगो हवाई सेवा शुरू करने पर सहमति बनी है। इस मामले में इंडिगो एयरलाइंस डीजीसीए को प्रपोजल भेजने की तैयारी कर रही है।
देवघर-गुवाहाटी हवाई सेवा शुरू करने को लेकर सत्संग आश्रम व इंडिगो ने गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे को भी इस मांग से अवगत कराया है। सांसद डॉ दुबे ने डीजीसीए के डायरेक्टर को देवघर से गुवाहाटी हवाई सेवा शुरू करने का सुझाव दिया है, बताया गया है कि सत्संग आश्रम में बड़ी संख्या में असम से ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के अनुयायी आते हैं। सालोंभर अनुयायियों का आना-जाना लगा रहता है। सत्संग आश्रम के प्रस्ताव पर ही देवघर से अगरतला ट्रेन की भी शुरुआत की गई थी, इसमें हमेशा यात्रियों की भीड़ रहती है।
बताया जा रहा है कि जल्द ही देवघर से बेंगलुरु की हवाई सेवा भी शुरू करने का रास्ता भी साफ होने वाला है।



