
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के पुरनदाहा मुहल्ला स्थित लक्ष्मी नारायण अस्पताल के चिकित्सक डॉ सुमित कुमार को गोली मारने की धमकी दिये जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में डॉ सुमित ने नगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

उनके द्वारा नगर थाने में दी गयी शिकायत में जिक्र है कि शुक्रवार को दिन में उनकी दवा दुकान के नंबर पर एक अनजान मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर निकलते ही गोली मार देने की धमकी दी। धमकी देने वाले ने उन्हें कहा कि आज ही आखिरी दिन है। इससे डॉ सुमित सहित उनके परिजन काफी सहमे हुए हैं।

मामले में नगर थाना प्रभारी से उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फोन नंबर के आधार पर आरोपित का पता करने के प्रयास में जुटी है।
हालांकि, डॉ सुमित को धमकी क्यों दी गयी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


