
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में इन दिनों बेखौफ होकर बदमाशों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम देकर दहशत फैलाने का काम किया जा रहा है। एक तरह से कहा जाए तो नगर थाना इलाके में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। लगातार गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं।

मंगलवार से शनिवार तक में अपराधियों ने तीन-तीन इलाके में गोलीबारी कर दहशत फैलाने का काम किया है। लेकिन नगर पुलिस इस मामले में एक भी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफल नहीं रही है। शनिवार की देर शाम को तीन अपराधियों ने थाना इलाके के माथाबांध मे तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की और फरार हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना नगर पुलिस को दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच किया।

सूत्रों की माने तो घटनास्थल से पुलिस ने गोली का खोखा भी बरामद किया है। हालांकि इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। बताते चलें कि बीते मंगलवार की देर शाम को दो बाइक पर सवार होकर 5 अपराधी बरियारबाँधी चौक पर पहुंचे थे और दहशत फैलाने के लिए पांच राउंड हवाई फायरिंग किया था। मौके पर से पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किया था। इस घटना की पुलिस अभी जांच ही कर रही थी कि बुधवार कि रात को स्कूटी पर सवार होकर आए बदमाशों ने झोंसागढ़ी राम मंदिर रोड इलाके में भी हवाई फायरिंग करने का काम किया था।
सूत्रों की माने तो पुलिस अभी तक तीनों स्थानों पर हुए हवाई फायरिंग मामले में एक भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।


