Ranchi: झारखंड पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी (Jharkhand Janmukti Parishad) के पांच लाख के इनामी कमांडर सुशील उरांव को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कई आधुनिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।
उसकी गिरफ्तारी लातेहार जिले के एक जंगल से की गई है।
नक्सली संगठन जेजेएमपी में सुशील उरांव का ओहदा सेकेंड इन कमान का है।
संगठन के सुप्रीमो पप्पू लोहरा के बाद वही संगठन के सारे निर्णय लेता है। उसके खिलाफ लातेहार, पलामू और गढ़वा जिले में डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा मामले दर्ज हैं। उसने हत्या, लेवी वसूली, आगजनी सहित कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
सुशील लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत मंधनिया का रहने वाला है। कुछ महीने पहले लातेहार में हुए एक हमले में जगुआर के डिप्टी कमांडेंट शहीद हो गए थे। सुशील इस मामले में भी मुख्य आरोपी है। उससे पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों के टॉप अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।
इस बीच नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति-परिषद ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा है कि पुलिस ने सुशील उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।