
Deoghar: इन दिनों देवघर में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। हर दूसरे दिन बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला झौंसागढ़ी मोहल्ले का है। जहां देवघर जेएमएम के नगर अध्यक्ष शिवशंकर सिंह उर्फ नूनू सिंह के घर के सामने एक बाइक पर सवार दो बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना बुधवार आधी रात की है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।

जेएमएम नेता के घर के बाहर हवाई फायरिंग की सूचना मिलते ही देवघर एसडीपीओ पवन कुमार सदलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और छानबीन की। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। जिसमें देखा गया कि बुधवार रात के करीब 11:56 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक मुख्य रोड की ओर से नूनू सिंह के आवास गोस्टो बिहारी लेन झौसागढ़ी में तेजी से प्रवेश करते हैं। बाइक पर पीछे बैठा युवक उसके नूनू सिंह के घर के सामने हथियार हवा में लहराता हुआ फायर करते हुए तेजी से निकल जाते हैं।

जेएमएम नेता शिवशंकर सिंह ने बताया कि इस घटना से कुछ देर पहके रात करीब 11:20 बजे एक सफेद रंग की कार उनके घर से सामने पहुंची थी। घर के पास आते ही चालक ने कार की हेडलाइट को बुझा दिया और कार का शीशा नीचे उतारा। उसके बाद कार आगे बढ़ गयी और हेडलाइट फिर से जला दिया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतित होता है कि कार पर सवार लोग घर की रेकी करने पहुंचे थे। पहचान नहीं हो इस कारण कार की हेडलाइट को बंद कर दिया गया होगा। कार के जाने के बाद दो बदमाश बाइक से वहां पहुंचे और फायरिंग करते हुए निकल गये। आशंका है कि फायरिंग करने वाला भी कार में मौजूद था। उसने लोकेशन का जायजा लिया और उसके बाद में आकर वहां फायरिंग की।
इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। आसपास के इलाके में लगे सभी सीसीटीवी के फुटेज को खंगाला गया है। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं जिसकी जांच की जा रही है। घटना को लेकर शिवशंकर सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दिया है और अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की है।


