Deoghar: देवघर कॉलेज मैदान में 21 जून को विश्व योग दिवस (World Yoga Day) पर गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के संयोजन में भव्य योगाभ्यास का आयोजन किया जा रहा है। इस दिन देवघर कॉलेज मैदान में 10 हजार लोग एक साथ योगाभ्यास करने जुटेंगे।
सुबह पांच बजे सभी लोग देवघर कॉलेज मैदान पहुंच जायेंगे। यहां पहुंचने वाले लोगों को मुफ्त टी-शर्ट भी दिया जायेगा। योगाभ्यास में एनसीसी कैडेट्स, देवघर कॉलेज, एएस कॉलेज, एम्स, बीआइटी मेसरा, कृषि कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, बाजला कॉलेज सहित सभी प्राइवेट स्कूलों व कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसके अलावा रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब, रेड क्रॉस सोसाइटी सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्र व सामाजिक संगठन के महिलाएं, पुरुष व बुजुर्ग शामिल होंगे।
विश्व योग दिवस पर सांसद डॉ निशिकांत के अनुरोध पर मुंगेर योगाश्रम से स्वामी निरंजनानंद जी द्वारा प्रशिक्षित योग शिक्षक संन्यासी चंद्रमणी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। संन्यासी चंद्रमणी ने बताया कि एक घंटे के इस योगाभ्यास में सिर्फ शारीरिक योग ही नहीं, बल्कि विपरित परिस्थिति में मानसिक रूप से कैसे स्वस्थ रहें, इसकी जानकारी दी जायेगी। योग सिर्फ शरीर के लिए नहीं, बल्कि मन व अध्यात्म को भी जोड़ता है। शरीर व मन को कैसे संतुलन बनाकर दैनिक जीवन में स्वस्थ रहना चाहिए, यह इस कैंप में बताया जायेगा।