
Giridih: मां नहीं बनने के कारण पहली पत्नी की हत्या कर शव को जलाकर दुसरी शादी रचाने वाले आरोपी शख्स को गिरिडीह के सरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुरज सिंह पुलिस से आंख-मिचौली कर लगातार फरार चल रहा था। इसी क्रम में आरोपी पति सुरज सिंह को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सरिया थाना क्षेत्र के एक ठिकाने से गिरफ्तार किया और बुधवार को जेल भेज दिया।

हालांकि मामले में मृतका की ननद पिंकी देवी, सास सरस्वती देवी, गोतनी अंशु देवी और सुरभि कुमारी अब भी फरार है। तीनों फरार आरोपियों को लेकर सरिया पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जबकि इसी मामले में सुरज सिंह के पिता और मृतका निक्की कुमारी के ससुर नागेशवर सिंह को पुलिस पिछले 30 मई को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

बताते चले कि आरोप है कि सरिया थाना क्षेत्र के सिमराबेड़ा गांव में बीते 30 मई को निक्की कुमारी की हत्या उसके पति सुरज सिंह और ससुर नागेशवर सिंह ने कर दिया था। हत्या करने के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के मकसद से ही उसके शव को सरिया के बेरगी नदी में जला दिया था। इस बीच वक्त पर मृतका निक्की के भाई और धनवार निवासी अमन कुमार को जानकारी मिली, तो वह सरिया पहुंचा। और सीधा नदी पहुंच गया। जहां उसकी बहन की चिता जल रही थी।
मामले की जानकारी सरिया थाना पुलिस को दिया गया। तो सरिया पुलिस हरकत में आई, और निक्की के ससुर नागेशवर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दी।


