
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित ग्रामीण बैंक के पास मंगलवार की अहले सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम 23 वर्षीय प्रमोद कुमार महथा है। जो रिखिया थाना क्षेत्र के पुंसिया बलसारा का रहने वाला है। मृतक घर का इकलौता पुत्र था।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता कन्हाई महथा ने कहा है कि 17 मार्च को उसकी भतीजी के लड़की की शादी थी। उसी शादी में भाग लेने नगर थाना स्थित पोखना टिल्हा गया था। करीब 3:30 बजे सुबह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। उसी क्रम में बायपास रोड स्थित ग्रामीण बैंक के पास चार पहिया वाहन संख्या जेएच 15 एच 3845 के चालक ने लापरवाही व तेजगति से वाहन चलाते हुए उसके बाइक में धक्का मार दिया। इस घटना में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया।

आनन-फानन में उसे इलाज के लिए कुंडा थाना स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्राइवेट अस्पताल में मौत के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां बैजनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर नगर पुलिस ने धक्का मारने वाले वाहन सुमो विक्टा को जब्त कर लिया है।


