Ranchi: रांची के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के खोखमा टोली में सेना के जवान ने अपने ही किरायेदार को रविवार देर रात गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
किरायेदार हरिलाल यादव (बबलू) काम की वजह से अक्सर देर रात घर लौटता था। इस बात को लेकर उसकी अपने मकान मालिक के साथ अक्सर बहस हो जाती थी। वह सेना के जवान राजेश तिवारी के घर किराये पर रहता है। रविवार देर रात भी बबलू की अपने मकान मालिक से इसी बात को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद मकान मालिक ने उसे गोली मार दी।
बताया जाता है कि रविवार को भी बबलू देर रात घर लौटा था। मकान मलिक राजेश तिवारी ने उससे कहा कि अगर वह देर रात आएगा, तो दरवाजा नहीं खुलेगा। इस पर दोनों के बीच काफी देर तक बकझक हुई। बात इतनी बढ़ गयी कि राजेश तिवारी ने बबलू पर अपने लाइसेंसी पिस्टल से दो गोलियां दाग दीं।
इस मामले में हवाई अड्डा थाने की पुलिस ने राजेश तिवारी को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिस्टल को जब्त कर लिया है। वहीं बबलू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।