Deoghar: देवघर पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर देवीपुर पुलिस ने 23 दिसंबर को फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हुए लूट कांड का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में देवीपुर पुलिस ने दो अपराधी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। इसे लेकर सदर एसडीपीओ पवन कुमार ने एक प्रेसवार्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी। मौके पर देवीपुर थाना प्रभारी धनंजय सिंह उपस्थित थे।
एसडीपीओ ने बताया कि छह बदमाशों ने मिलकर लूट कांड को अंजाम दिया था। जिसमें से लाम्बा गांव निवासी दो अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इनके पास लूट कांड में उपयोग में लाए गए बाईक, लूटा गया मोबाईल, 6500 नगद बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में राजेश कुमार यादव, अरविंद यादव दोनों देवीपुर थाना क्षेत्र के लाम्बा गावं के रहने वाले हैं।
बताते चलें कि देवीपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ई-जमुआ मार्ग पर पथरिया गांव के पास छह अपराधियों ने मिलकर 23 दिसंबर को फाइनेंस कर्मी गिरिडीह जिला के बिरनी थाना क्षेत्र निवासी नकुल राणा से हथियार के बल पर 75 हजार रुपये नगद व मोबाईल लूट लिया था। वह लाम्बा गावं से रुपया कलेक्शन कर वापस देवघर लौट रहा था। घटना के बाद से देवीपुर पुलिस तकनीकी सेल के सहारे अपराधियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।