Dumka: पेट्रोल कांड को लेकर सुर्खियों में आया दुमका एक बार फिर चर्चा में है… हाल ही में उपराजधानी के भीतर अंजाम दिए गए पेट्रोल कांड की कहानी अभी लोगों की ज़ुबान से उतरी भी नहीं है कि, एक तरफा प्यार में पागल एक युवक की तरफ से लड़की के पूरे परिवार को पेट्रोल छिड़ककर जान से मारने की धमकी वाला एक ऑडियो के वाइरल होने के बाद मामला फिर गर्म होने लगा है। बताया जा रहा है कि, जिंदा जला देने की धमकी वाले ऑडियो के वायरल होते ही पुलिस नें आरोपी तौफीक को गिरफ्तार कर लिया है।
लड़की के ठुकराने पर तौफीक बौखलाया

वायरल ऑडियो में एक युवक दूसरे युवक को उसकी बहन और मां का नाम लेकर भद्दी-भद्दी गालियां निकालते हुए पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। ऑडियो किसी तौफीक नामक शख्स की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तौफ़ीक की दोस्ती उस लड़की से थी। लेकिन, बाद में उसने खुद को तौफीक से अलग कर लिया था। ज़ब तौफीक दुमका से बाहर गया तो लड़की की शादी हो चुकी थी। जिससे तौफीक बौखला गया और फिर फोन पर गाली गलौज कर जान मारने की धमकी तक दे डाली।

सूत्रो के मुताबिक, पीड़ित परिवार की शिकायत पर नगर थाने की पुलिस ने आरोपी तौफीक को गिरफ्तार कर लिया है। तो वहीँ, पीड़ित परिवार काफ़ी सहमा हुआ है। पुलिस की माने तो वाइरल ऑडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



