
Ranchi: साहिबगंज के महादेवगंज निषाद टोला के तीन किशोर गंगा नदी में डूब गये। ये तीनों नदी में नहाने पहुंचे थे। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। नदी में डूब किशोरों को निकालने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाये जाने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को महादेवगंज में एनएच 80 को घंटों जाम किये रखा। वे एनडीआएफ की टीम बुलाने की मांग कर रहे थे।

बताया गया कि यह हादसा शुक्रवार की शाम का है। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलने पर उनके परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में नदी के पास इकट्ठा हो गये। रात में इनके बचाव के लिए कोई अभियान नहीं चलाया जा सका। ग्रामीणों ने बताया कि निषाद टोला में रहने वाले 12 वर्षीय आदित्य, 16 वर्षीय भोला और 13 साल का कृष शुक्रवार को गंगा नदी में नहाने गए थे। इनका एक साथ स्नान करने नहीं उतरा, नदी के किनारे ही वह बैठा रहा। जब काफी देर तक नहाने गए बच्चे पानी से बाहर नहीं निकले तो उसने गांव वालों को इसकी जानकारी दी। शनिवार को ग्रामीणों ने कृष कुमार का शव बाहर निकाला।

इधर रामगढ़ जिले में प्रसिद्ध तीर्थस्थल रजरप्पा में उफनती भैरवी नदी को पार करने की कोशिश में एक व्यक्ति बह गया। बताया गया कि शनिवार सुबह नदी पर छिलका पुल को पार करने के दौरान गोला के पिपराजारा गांव निवासी संतोष कुमार मांझी नामक व्यक्ति बह गया। लोगों ने बहते हुए व्यक्ति का वीडियो बनाया, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की।


