Deoghar: देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) के रनवे पर विमान उतारने में मौसम बाधा बन रही है। पहले 30 जुलाई को कोलकाता-देवघर फ्लाइट (Kolkata-Deoghar Flight) को भारी बारिश के कारण लैंड नहीं कराया गया और फ्लाइट यात्रियों को लेकर वापस कोलकाता चली गयी तो अब सोमवार को एक बार फिर खराब मौसम ने दिल्ली-देवघर की फ्लाइट (Delhi-Deoghar Flight) लैंडिंग में खलल डाला और फ्लाइट का रूट डायवर्ट कर उसे दुर्गापुर एयरपोर्ट (Durgapur Airport) पर लैंड कराया गया।
दरअसल, सोमवार को दिल्ली से देवघर आ रही इंडिगो (Indigo) की कॉमर्शियल फ्लाइट मौसम में आयी खराबी की वजह से देवघर एयरपोर्ट लैंड नहीं कर पायी। इस फ्लाइट में 166 यात्री सवार थे। फ्लाइट को दुर्गापुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। यात्रियों को इंडिगो द्वारा देवघर आने के लिए बस की सुविधा मुहैया करायी गयी व कुछ यात्री ट्रेन से आये।
दिल्ली से निर्धारित समय पर फ्लाइट टेकऑफ करने के बाद दोपहर करीब 2:45 बजे फ्लाइट जैसे ही देवघर एयरपोर्ट के पास पहुंची और रन-वे के ऊपर हवा में फ्लाइट ने चार चक्कर लगाया। करीब चार मिनट तक चक्कर लगाने के बाद एटीसी से लैंड करने की अनुमति नहीं मिली व फ्लाइट वापस चली गयी।
इसी बीच देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढिंगरा ने दुर्गापुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर से बात की व फ्लाइट को आधे घंटे के अंदर दुर्गापुर एयरपोर्ट में लैंड कराया गया।
ATC ने नहीं दी हरी झंडी
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, दिल्ली की फ्लाइट जब लैंड कर रही थी तो देवघर एयरपोर्ट में विजिब्लिटी रिक्वायरमेंट से 25 फीसदी से भी कम थी। आसमान में घने बादल छाये थे, जिस कारण एटीसी ने लैंड करने की हरी झंडी नहीं दी।
विजिबिलिटी कम रहने की वजह से नहीं मिली लैंडिंग की परमिशन:एयरपोर्ट डायरेक्टर
देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा ने बताया कि दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान देवघर एयरपोर्ट में विजिब्लिटी रिक्वायरमेंट से 25 फीसदी से भी कम थी। इस वजह से एटीसी से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली व फ्लाइट को दुर्गापुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। इंडिगो द्वारा देवघर आने के लिए यात्रियों को बस की सुविधा दी गयी।
ATC में तकनीकी कमियां
बता दें कि देवघर एयरपोर्ट चालू होने के बाद दूसरी बार मौसम में मामूली खराबी आने से फ्लाइट में लैंडिंग की समस्या हुई है। 30 जुलाई को कोलकाता से आयी फ्लाइट भी विजिब्लिटी कम रहने की वजह से देवघर एयरपोर्ट में लैंड नहीं कर पायी थी। अब दिल्ली की फ्लाइट भी शुरुआत के तीसरे दिन ही लैंड नहीं कर पायी। बताया जाता है कि एटीसी में तकनीकी कमियां है, जिसे दूर किया जा रहा है। इन कमियों की वजह से मौसम में मामूली खराबी रहने के बाद विजिब्लिटी कम बताया जा रहा है।
यात्रियों को हुई परेशानी
वहीं, दिल्ली से सीधे देवघर आने वाले कई यात्रियों को देवघर न आकर दुर्गापुर में उतरने पर खासा परेशानी का सामना भी करना पड़ा।