
Deoghar: जिले के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के मोरने गांव निवासी अफसाना खातून की मौत मंगलवार को देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी।

जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय अफसाना खातून का पति 15 मई को घर आया था। 16 मई की अहले सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई। उसी दौरान अफसाना पर तेजाब डालकर आरोपी पति घर से फरार हो गया था। घटना की जानकारी होने के बाद आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की स्थिति देखकर ऑनड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था।

बताया जाता है झुलसी महिला का धनबाद के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज कराया गया। 1 महीना के बाद स्थिति सुधार होने पर उसे देवघर सदर अस्पताल में फिर से भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया ।
इधर, झुलसी महिला की मां के बयान पर दामाद के खिलाफ मोहनपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया था। घटना के बाद से ही महिला के ससुरालवाले घर से फरार बताए जा रहे हैं।


