Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र में छिनतई की घटना बढ़ती जा रही है। कभी महिला के गले से चेन तो कभी चलते हाथों से मोबाइल और कभी रूपये उचक्कों द्वारा छिन लिया जा रहा है। शनिवार की सुबह भी नगर थाना क्षेत्र में ऐसी ही घटना घटी।

बांका जिला के ग्राम नादीबाढ़ी निवासी दुलार दास को टोटो में बैठा कर तीन हजार रूपये की छिनतई कर ली। बताया जाता है कि दुलार दास पटना से दातुन बेचकर जसीडीह स्टेशन पर उतरा था। वहां से वह देवघर पहुुंंचा। उसे बरमसिया किसी काम से जाना था। एक टोटो पर सवार तीन उचक्कों ने उसे टोटो में बैठा लिया और बरमसिया की ओर ले जाने लगा। बरमसिया के पास एक गली में ले जाकर तीनों ने मिलकर उसके पॉकेट से तीन हजार रूपये निकाल लिये और टोटो पर बैठकर फरार हो गये।

शिकायत लेकर दुलार नगर थाना पहुंचा। उसके बाद नगर थाना की पेट्रोलिंग पार्टी उसे घटनास्थल लेकर पहुंची। उसी दौरान रास्ते में छिनतई करने वाले उचक्कों को उसने देख लिया। तब पुलिस गस्ती दल को उस ओर इशारा किया। जवानों ने दो को खदेड़कर हिरासत में लिया। नगर पुलिस दोनों से पुछताछ करने में लगी है।
दूसरी घटना मोबाइल छिनतई की
इधर, दूसरी घटना मोबाइल छिनतई की है। शुक्रवार की रात 10 बजे के आसपास जमुई जिला के टेलवा सिंयाटांड़ निवासी छात्र चिंटू यादव रात को घर जाने के लिए लोकल ट्रेन पकड़ने जसीडीह गया था। लेकिन ट्रेन छूट गई। रात के 10 बजे आसपास वह ऑटो से सत्संग चौक उतरा और वहां से पैदल वापस बरमसिया अपने किराये के मकान में लौट रहा था। उसी बीच अम्बेडकर चौक के पास वो मोबाइल से कॉल कर घर वालों को सूचना देने लगा की उसकी गाड़ी छुट गयी है वापस देवघर आ गया है। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए मोबाइल छिन लिया। घटना की जानकारी नगर पुलिस को दे दी गयी है।



