Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बेहरूखी गावं में एक कमरे में सो रहे सड़क निर्माण कंपनी के स्टाफ पर अपराधियों ने रात 12 बजे के आसपास ताबड़तोड़ चार गोली चला दिया। इस घटना में तिनसीमानी से बेहरूखी होते हुए खोनाडाबर तक करीब 4.5 किमी सड़क निर्माण कर रही संतोष कंस्ट्रक्शन गोविंदपुर कोरों के जेसीबी चालक अनिल कुमार यादव को गोली लग गई। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ सो रहे अन्य स्टाफ ने इसकी सूचना जसीडीह थाना को दिया। घटनास्थल पर देर रात को ही पुलिस पहुंची और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। जहां से उसकी गंभीरवस्था को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि संतोष कंस्ट्रक्शन के आठ स्टाफ रात को बेहरूखी गावं के एक मकान में सो रहे थे। चार बरामदा पर सोये थे और चार कमरे के अंदर। तभी रात के 12 बजे के आसपास चार अपराधी वहां पहुंचे और बाहर सो रहे स्टाफ से संतोष के बारे में पूछा। स्टाफ ने बताया कि वह यहां नही रहता है। उसके बाद अपराधी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर सो रहे स्टाफ ने दरवाजा नहीं खोला। उसके बाद बदमाशों ने खिड़की से अंदर गोली चला दिया। बताया जाता है बदमाश ने चार गोलियां दागी। जिसमे एक गोली अनिल यादव को लग गयी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी पैदल ही फरार हो गए।
संतोष कंस्ट्रक्शन के द्वारा जसीडीह थाना में दो बार रंगदारी मांगे जाने को लेकर मामला भी दर्ज कराया गया था। बताया जाता है कि उक्त कंपनी के मालिक को रंगदारी मांगने को लेकर कई बार धमकी दी गई थी।