Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट (Jharkhand High Court) ने देवघर वकालत खाना परिसर में हुए गोलीकांड मामले में लिए गए संज्ञान पर शुक्रवार को सुनवाई की। सुनवाई के दौरान डीजीपी और गृह सचिव वीसी के माध्यम से कोर्ट के समक्ष उपस्थित हुए।
डीजीपी (DGP) ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने खुद जाकर पूरी घटना का जायज़ा लिया है। बार के वकीलों से आग्रह किया गया है कि कोर्ट परिसर में जाने और आने के लिए सिर्फ़ एक रास्ता रखा जाये। ज़िले के एसपी को भी निर्देश दिया गया है और कोर्ट की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को मेटल डिटेक्टर से सभी लोगों की जांच का निर्देश दिया गया है। राज्य भर की कोर्ट और न्यायिक पदाधिकारियों की सुरक्षा में 1900 से ज़्यादा पुलिसकर्मी लगाये गये हैं, जिसकी हत्या हुई उसे लाने की जानकारी पुलिस को नहीं थी।
अब दो सप्ताह बाद होगी सुनवाई
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि कई घटनाएं हो चुकी हैं। वकील, जज और कोर्ट में आये लोग डर के माहौल में हैं। आपके पास पुख़्ता इंटेलिजेंस का अभाव है। अदालत ने डीजीपी द्वारा कोर्ट को दी गई जानकारी के बाद सरकार से अब तक कोर्ट की सुरक्षा के लिए उठाए गये कदमों की जानकारी मांगी थी। अब इस मामले की सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित की गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों देवघर के सिविल कोर्ट में पेशी के लिए आये कुख्यात की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुख्यात को तीन गोली मारी गयी थी। मृतक की पहचान अमित कुमार सिंह के रूप में हुई थी, जो पटना का रहने वाला था। अमित कुमार सिंह एक मामले में देवघर कोर्ट में पेश होने के लिए लाया गया था। पेशी के दौरान मृतक के साथ सुरक्षाबल भी मौजूद थे लेकिन अपराधियों ने कोर्ट परिसर में ही गोली मार दी थी।