
Ranchi : सेक्सुअल हरासमेंट के आरोपी खूंटी एसडीएम आईएएस सैयद रियाज अहमद (Khunti SDM IAS Syed Riaz Ahmed) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खूंटी एसपी अमन कुमार ने इसकी पुष्टि की है। एसडीएम सैयद रियाज अहमद 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.

खूंटी महिला थाना में कांड संख्या 14/22 में आईपीसी की धारा 355 ए और 509 के अलावा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को कोर्ट में पीड़िता का धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाया गया। बता दें कि हिमाचल प्रदेश की रहने वाली पीड़िता मध्य प्रदेश में आईआईटी की छात्रा है। पीड़ित छात्रा 20 दिनों के लिए करीब दो दर्जन छात्र-छात्राओं के साथ खूंटी में इंटर्नशिप के लिए आयी थी।
पार्टी में छेड़खानी का आरोप

एक जुलाई की रात एसडीओ ने इंटर्न छात्र-छात्राओं को अपने आवास में पार्टी के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान एसडीएम बात करने के बहाने उसे अकेले में ले गए और उसके साथ अश्लील बातें की। उन्होंने छात्रा से छेड़खानी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया।
प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
4 जुलाई को पीड़िता जब एफआईआर दर्ज कराने पहुंची तो प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीएम सैयद रियाज अहमद शादीशुदा हैं। उनकी पत्नी भी आईएएस हैं, जो छत्तीसगढ़ में तैनात हैं।


