Giridih: देवघर एम्स (Deoghar AIIMS) से इलाज कराकर अपने गांव लौट रही दो महिलाओं के साथ गैंग रेप (Gang Rape) का मामला सामने आया है। घटना गिरिडीह जिले का है। दोनों महिलाओं का आरोप है कि देवघर से इलाज कराकर अपने घर गिरिडीह के बेंगाबाद थाना इलाके के बदवारा गांव लौट रही थी तभी रास्ते में बोलेरो ड्राइवर से दोनों ने लिफ्ट मांगी थी। गाड़ी में चार लोग पहले से थे। दोनों महिलाएं पहले पीछे वाली सीट पर बैठी थी। आरोप है कि बाद में जबरन एक महिला को आगे वाली सीट पर लाया गया। फिर दोनों के साथ बारी-बारी से चार लोगों ने गैंगरेप किया।
हालाँकि, गिरिडीह के बेंगाबाद थाना की पुलिस मामले को संदिग्ध बताकर जांच की बात कह रही है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों महिलाओं के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। मामले के बारे में पुख्ता जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना बेंगाबाद थाना इलाके के बदवारा गांव की बताई जा रही है।
पीड़िता के पास एक आरोपी की तस्वीर
गैंगरेप की शिकार एक महिला के पास एक आरोपी की फोटो होने की बात कही जा रही है। इसलिए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार दोनों महिला गिरिडीह के गांवा और बिरनी इलाके की रहने वाली है। दोनों महिलाओं में से एक की उम्र करीब 35 साल दूसरी की उम्र 45 साल है।
महिलाओं ने मांगी थी लिफ्ट
महिलाओं ने स्थानीय मुखिया को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों शुक्रवार को देवघर से गिरिडीह लौट रही थीं। इसी दौरान देवीपुर के कोल्हरिया में दोनों महिलाओं ने बोलेरो चालक से लिफ्ट मांगी। इस दौरान चालक ने दोनों को गाड़ी की पिछली सीट पर बैठा लिया। कुछ दूर तक चलने के बाद बोलेरो में सवार लोगों ने बिरनी की रहने वाली महिला को जबरन आगे की सीट पर बैठा लिया। इसके बाद बारी-बारी से दोनों महिलाओं के साथ गैंगरेप किया। शनिवार सुबह दोनों महिला को बदवारा पतरो नदी पुलिया के समीप उतार कर गैंगरेप आरोपी बोलेरो में सवार होकर फरार हो गए।
घटना के बाद बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं। दोनों महिलाओं को मेडिकल जांच और इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। थाना प्रभारी जांच में जुटे है।