
Deoghar: कुंडा थाना क्षेत्र के सारवां रोड स्थित करणकोल मोड़ के पास बुधवार को बारात से लौट रहे बस के छत से गिरकर जहां एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। जानकारी मिलते ही कुंडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

मौके पर से बस के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि बस को जब्त कर पुलिस थाना ले आयी। मृतक का नाम 21 वर्षीय संदीप वर्मा है जो काशीडीह चांदडीह का रहने वाला है। घायल में पवन साव, भरत यादव साकिन बसमता का रहने वाला है। बताया जाता है कि सभी लोग 14 जून को गाँव के ही एक युवक के बारात में बांका जिला के खड़हारा बारात गए थे। 15 जून को अहले सुबह बारात से लौट रहे थे। बस चालक काफी तेजी से बस चला रहा था।

घायल पवन ने बताया कि घर से कुछ दूर पहले करनकोल मोड़ के पास बस चालक काफी तेजी से बस को मोड़ दिया। बस के छत पर बैठे तीन लोग नीचे गिर गए। वहीं पुलिस को दिए बयान में मृतक संदीप के पिता अशोक वर्मा ने कहा है कि बस संख्या जेएच 4सी 9547 के चालक तेजी व लापरवाही से बस चला रहा था। चालक ने ही उसके बेटे को बस के छत पर बैठने को कहा था।
कहा है लापरवाही से बस चलाने के कारण बस के छत पर बैठा उसका बेटा नीचे गिर गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। लेकिन कुछ देर में ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही बैधनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



