Ranchi: राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में एक बार फिर कक्षाओं के संचालन में बदलाव हो सकता है। राज्य में अब सभी सरकारी और निजी स्कूल में कक्षाएं सुबह छह से लेकर साढ़े दस बजे तक चलेंगी। राज्य में पड़ रही गर्मी को देखते हुए एक महीने में तीसरी बार स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जा रहा है।
इस संबंध में राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने मंगलवार को कहा कि जल्द ही शिक्षा विभाग इस बारे में अधिसूचना जारी करेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला बढ़ती गर्मी और बच्चों को सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
हर वर्ष एक अप्रैल से तीन जून तक सुबह 6.30 बजे से 11.30 बजे तक मॉर्निग स्कूल होती रही है। इस साल से इसमें बदलाव किया गया। एक अप्रैल को शिक्षा विभाग ने सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक स्कूल संचालन का निर्देश दिया। शिक्षक संघों के भारी विरोध और स्कूलों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद 13 अप्रैल को ही शिक्षा विभाग ने स्कूल अवधि में एक घंटा घटा दी गई। स्कूलों का संचालन सुबह छह बजे से 12 बजे तक कर दिया गया। इससे भी छात्र-छात्राओं के बीमार पड़ने की नियमित सूचनाएं मिल रही हैं। गर्मी, लू और खाली पेट की वजह से बच्चे स्कूल में ही बेहोश हो रहे हैं।