
Ranchi: बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर एकीकृत पोषण सखी संघ और पोषण सखी समन्वय समिति (सीटू) ने विधान सभा के समक्ष कुटे मैदान में बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एकीकृत पोषण सखी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सोनी पासवान और संचालन सीटू की पिंकी देवी ने किया। धरना को संबोधित करते हुए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के राज्य कमिटी सदस्य संजय पासवान ने कहा कि पोषण सखी को एक साल से मानदेय नहीं देकर, उपर से पोषण सखी को उनके पद से हटाने की हो रही झारखंड सरकार की साजिश के खिलाफ़ आयोजित आंदोलन का सीटू समर्थन करता है और झारखंड सरकार से पोषण सखी का बकाया मानदेय भुगतान जल्द करने की मांग करता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में झारखंड के छह जिलों चतरा, गिरिडीह, धनबाद, गोड्डा, दुमका और कोडरमा में पोषण अभियान के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों में दस हजार से ज्यादा पोषण सखी की नियुक्ति हुई थी।
लेकिन पिछले 12 माह से उन्हें मानदेय नहीं मिल रहा है। इसके कारण उनके सामने भूखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। एक तरफ हेमन्त सरकार रोज घोषणा कर रही है कि लाखों रिक्त पदों पर जल्द बहाली होगी, दूसरी तरफ 10 हजार पोषण सखी का रोजगार खतरे में है। उन्होंने पोषण सखी से संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
धरना में कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, गोड्डा सहित अन्य जिले से अंबिका सहाय, जरीना खातून, पिंकी कुमारी, रिंकी कुमारी, सुलेखा वर्मा, गुड़िया देवी सहित अन्य उपस्थित थे।



