
Deoghar: रिखिया थाना अंतर्गत रिखिया पेट्रोल पंप के समीप दो मोटरसाइकिल की आपस मे टक्कर हो गई जिससे दोनों मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हो गए. आनन-फानन में रिखिया थाना की पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी से उन्हें देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां अगिया गांव निवासी लोचन यादव को मृत घोषित कर दिया गया.

वहीं तरंगसिरसिया गांव निवासी विशाल सिंह और सिकंदर सिंह को घायल अवस्था में देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों की स्थिति नाजुक बनी है.

घटना के संदर्भ में मृतक के परिजन ने बताया कि लोचन यादव पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर निकल रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. जिससे दोनों बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और तीनों लोग गिर गए. फ़िलहाल रिखिया थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंच गई है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है


