देवघर: देवघर पुलिस ने हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ने हथियार के बल पर गुरुवार सुबह एक नहीं बल्कि दो जगहों पर छिनतई की कोशिश की। जिसमें वो असफल रहा।
जानकारी के अनुसार आरोपी ऑटो चलाने का काम करता है। गुरुवार सुबह आरोपी ने सबसे पहले हथियार दिखा अखबार लेकर आ रहे एक वाहन के चालक से छिनतई का प्रयास किया। जिसमें वो असफल रहा। उसके बाद आरोपी ने टावर चौक के पास स्थित पेट्रोल पंप के एक कर्मी राजू यादव से भी हथियार का भय दिखाकर छिनतई की कोशिश की। लेकिन जब राजू यादव ने शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी अपनी ऑटो लेकर फरार हो गया। हालांकि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई ।
घटना के बाद पीड़ित द्वारा नगर थाना में मामले की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा छानबीन के दौरान जलसार रोड से एक ऑटो पर एक युवक को सोते हुए पाया गया। संदेह होने पर पुलिस द्वारा युवक को पकड़ उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ऑटो चालक के पास से गमछा में छुपाकर रखा हुआ एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। हथियार के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम राजीव कुमार बताया जा रहा है। राजीव नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर का रहने वाला है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।