सिमडेगा: हॉकी इंडिया की ओर से आयोजित होनेवाली 11वीं जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2021 का आयोजन सिमडेगा में होगा। इसके लिए हॉकी इंडिया ने अपनी तिथि घोषित कर दी है। इसका आयोजन 20 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2021 तक होगा। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह के मुताबिक चैंपियनशिप का उद्घाटन 20 अक्टूबर को तथा समापन 30 अक्टूबर को किया जायेगा।
यह प्रतियोगिता पूर्व से सिमडेगा में निर्धारित है। पूर्व में तीन अप्रैल से इसका आयोजन होना तय था लेकिन Covid -19 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रतियोगिता स्थगित कर दी गयी थी। विजय शंकर सिंह के अनुसार मार्च 2021 में सिमडेगा में राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन बहुत ही भव्य और शानदार तरीके से हुआ था। इसका सीधा प्रसारण विश्व के 192 देशों में यूट्यूब (You Tube) के माध्यम से हो रहा था। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री (CM) हेमंत सोरेन ने किया था। हॉकी झारखंड मैं इस बार भी जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए उनसे ही अनुरोध करेगा। इनके साथ ही उद्घाटन के लिए विश्व हॉकी महासंघ भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा को भी हॉकी झारखंड उद्घाटन समारोह में आमंत्रित करने का अनुरोध करेगा।
मार्च में सब जूनियर (Sub Junior) राष्ट्रीय प्रतियोगिता का जो आयोजन सिमडेगा में हुआ था, वह भारत के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ सब जूनियर(Sub Junior) प्रतियोगिता साबित हुआ। इसके लिए झारखंड सरकार का पूरा सहयोग रहा था। सिमडेगा के उपायुक्त सुशांत गौरव ने इस आयोजन को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
इसका सकारात्मक पहलू यह रहा कि वह भारत की सर्वश्रेष्ठ सब जूनियर (Sub Junior) प्रतियोगिता साबित हुई थी। इस बार भी हॉकी झारखंड, झारखंड सरकार, जिला प्रशासन सिमडेगा के सहयोग से जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता को भी भारत की सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगिता बनाने की पूरी कोशिश करेगा जिसके लिए सिमडेगा में खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण कैंप भी शुरू हो गया है। तकनीकी पदाधिकारियों के ठहरने के लिए होटल की बुकिंग के लिए भी हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष को दिशा निर्देश दे दिया गया है।
जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता (Junior national hockey championship) में भारत की कुल 31 टीमों और 650 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इसी प्रतियोगिता में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का चयन भी किया जायेगा और सिमडेगा में आयोजित इस प्रतियोगिता से चयनित भारतीय टीम के सदस्य ही आनेवाले ओलंपिक में खेलते हुए नजर आयेंगे।