
देवघर: होटल राजकमल में निर्माण कार्य के दौरान दो मजदूरों की मौत मामले में होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना साल 2020 में देवघर के बैद्यनाथधाम स्टेशन स्थित होटल राजकमल में घटी थी।

बता दें कि 25 जुलाई 2020 को बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल राजकमल में निर्माण कार्य के दौरान पुराने भवन का मलबा गिरने की वजह से वहां काम कर रहे मजदूर दब गए थे। जिसमें दो मजदूरों दिनेश गोस्वामी और पवन गोस्वामी की मौत हो गयी थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इसी मामले में पुलिस ने अनुसंधान पूरी होने के बाद होटल के मालिक रामचंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस गिरफ्तार होटल मालिक रामचंद्र प्रसाद से पूछताछ कर रही है। हादसे में मारे गए मजदूर दिनेश गोस्वामी की पत्नी शिवानी देवी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में होटल मालिक, होटल मालिक के पुत्र, जेसीबी चालक, जेसीबी मालिक व इंजीनियर पिंटू सिंह को आरोपी बनाया गया था। अब पुलिस होटल मालिक को गिरफ्तार करने के बाद मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।


